मथुरा जनपद में बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी संक्रामक एवं गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान चलाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में स्कूल आधारित टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इसकी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बृजवासियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि और समय पर स्कूल में आयोजित टीकाकरण शिविर में अवश्य भेजें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से बच्चों को खतरनाक बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है और यह उनके स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।अभियान के अंतर्गत जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों में कक्षा 1 से 5 तक के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों और चिन्हित स्थलों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए जिला प्रशासन, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियां की गई हैं।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने जानकारी दी कि सभी विकासखंडों के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। टीकाकरण टीमों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं। कोल्ड-चेन व्यवस्था भी दुरुस्त रखी गई है, ताकि अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सके।प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें और बच्चों को समय पर टीका अवश्य लगवाएं।