खाचरोद–नागदा विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने अन्नदाता किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में लहलहाती और पकने को तैयार फसलें—जो किसानों की महीनों की मेहनत और खून-पसीने की कमाई थीं—इस प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ गईं।इसी को लेकर आज SDM कार्यालय, कृषि मंडी खाचरोद में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम महोदय खाचरोद को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि जिस समय किसान अपनी मेहनत का फल पाने की उम्मीद कर रहे थे, उसी समय हुई बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों को तोड़ दिया। किसानों के लिए यह नुकसान केवल आर्थिक नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी अत्यंत पीड़ादायक है।ज्ञापन में कहा गया कि किसान अपनी फसल को बच्चों की तरह सींचता-संवारता है और ऐसे समय में हुआ यह विनाश हृदयविदारक है। किसानों का यह दुख पूरे समाज का दुख है और इस संकट की घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।