भगवान जटाशंकर एवं सतगुरुदेव की कृपा से ॐ महाशक्ति ग्रुप विपिन शिवहरे मित्र मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले जटाशंकर मेले में इस वर्ष भी सेवा और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। मेले के दौरान बच्चों के लिए एक दिन के लिए छोटे झूले निःशुल्क किए गए, वहीं श्रद्धालुओं को जलेबी प्रसाद का वितरण किया गया।यह आयोजन लगातार नौवें वर्ष किया जा रहा है। विपिन शिवहरे ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे जटाशंकर महंत श्री श्री 1008 बद्रीदास महाराज एवं जटाशंकर धाम में पधारे संतों की उपस्थिति में प्रसादी का भोग लगाकर जलेबी वितरण की शुरुआत की गई।आयोजकों ने बताया कि जटाशंकर तीर्थ स्थल के आसपास बड़ी संख्या में मध्यम वर्ग के परिवार निवास करते हैं, जिनके बच्चे आर्थिक कारणों से झूलों का आनंद नहीं ले पाते। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बच्चों के लिए निःशुल्क झूलों की व्यवस्था की गई, ताकि हर बच्चा मेले की खुशियों में शामिल हो सके।यह सेवा कार्य रात करीब 11 बजे तक चला, जिसमें मेले में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं को ब्रह्मलीन फलाहारी बाबा के प्रसाद स्वरूप ताज़ी और गर्म जलेबियां वितरित की गईं। आयोजन के दौरान लगभग 5 क्विंटल जलेबी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में बच्चों ने झूलों का आनंद लिया।कार्यक्रम में जटाशंकर महंत बद्रीदास महाराज के साथ रामदास महाराज (दाहिबेड़ा), हरिओम पुरी जी महाराज, कैलाशदास महाराज, गणेशदास महाराज (दुर्गा पर्वत भोगावा) सहित अनेक संत उपस्थित रहे।