खरगोन जिले में वाहन चोरी के मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खलटाका चौकी पुलिस (थाना बालकवाड़ा) ने मोटर साइकिल चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 13 चोरी की मोटर साइकिलें जब्त की हैं।कसरावद क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान खलटाका चौकी पुलिस टीम ने एक बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों को रोका। जब पुलिस ने उनसे वाहन के कागजात मांगे तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह होने पर पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि बिना नंबर की मोटर साइकिल चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में लिया।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों आमीन उर्फ कालू और हातिम, निवासी आनंदबेड़ी, ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने साथी अक्लीम पिता अल्लाबेली, निवासी खड़कवाणी, तथा आनंदबेड़ी निवासी एक बाल अपचारी के साथ मिलकर खरगोन, सनावद और कसरावद के मेलों सहित धार, बड़वानी और खंडवा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटर साइकिलें चोरी की थीं।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अक्लीम पिता अल्लाबेली, निवासी खड़कवाणी, और बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर उनसे कुल 13 मोटर साइकिलें बरामद की हैं।यह पूरी कार्रवाई एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी सागर चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी मिथुन चौहान सहित खलटाका चौकी की संपूर्ण पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।