मथुरा। मतदाता सूची से फर्जी फॉर्म-7 के माध्यम से नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के विभिन्न संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पार्षद मुन्ना मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम एफआर पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।पार्षद मुन्ना मलिक ने आरोप लगाया कि बलदेव विधानसभा क्षेत्र के गांव ओल सहित कई इलाकों में सैकड़ों फॉर्म-7 बीएलओ को उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति द्वारा विशेष जाति और धर्म के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे उन्होंने “वोट डकैती” करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगी।मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप ने कहा कि अज्ञात लोगों द्वारा फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए थोक में फॉर्म-7 भरे जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी फर्जी फॉर्म तत्काल निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन चौधरी ने कहा कि बिना भौतिक सत्यापन के मतदाता सूची से नाम काटना असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में विपक्षी विचारधारा से जुड़े मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष इमरान अब्बास ने बताया कि इस पूरे मामले से पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। वहीं, पूर्व महानगर अध्यक्ष सतीश पटेल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने न्याय नहीं दिया तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।