मथुरा क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीय युवक सौरव पुत्र जयवीर सिंह का शव पेड़ पर कपड़े के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पीतम पुत्र बदन सिंह के खेत में खड़े शीशम के पेड़ पर शव देखा गया। ग्रामीणों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक सौरव की पहचान होते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शादी वर्ष 2023 में रिचा के साथ हुई थी और उनकी एक वर्ष की बेटी सौरवी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है।सूचना पाकर बिचपुरी चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।