बांके बिहारी मंदिर में रेलिंग ठेका विवाद, साधु-संतों का विरोध तेज
वृंदावन। ब्रजभूमि के प्रमुख धार्मिक स्थल बांके बिहारी मंदिर में स्टील रेलिंग लगाने के ठेके को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर परिसर में रेलिंग निर्माण का ठेका एक मुस्लिम ठेकेदार को दिए जाने पर साधु-संतों और कुछ हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है।श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस ठेके को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र में महाराज ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर ब्रजभूमि का अत्यंत पवित्र स्थल है, जहां भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की लीलाओं से जुड़ी आस्था है। ऐसे पवित्र स्थान पर किसी मुस्लिम ठेकेदार को कार्य देना ब्रजवासियों की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।महाराज ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म के विरोधी माने जाने वाले लोगों को मंदिर से जुड़े कार्य नहीं दिए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रज क्षेत्र में हजारों योग्य हिंदू ठेकेदार मौजूद हैं, इसके बावजूद पहचान छिपाकर एक मुस्लिम ठेकेदार को ठेका दिया जाना संदेह पैदा करता है।उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा कि यदि नियमों में कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेका तत्काल निरस्त किया जाए।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में इस फैसले को लेकर असंतोष है और साधु-संतों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। संतों का कहना है कि मंदिर से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।इस मुद्दे को लेकर ब्रजभूमि के कई साधु-संतों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया है और प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक मामला पहुंचने के बाद संबंधित विभाग पूरे प्रकरण की जांच कर सकता है।फिलहाल, बांके बिहारी मंदिर का यह ठेका विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, गांव में शोक का माहौल
Mohan Yadav ने AI समिट में की शिरकत
कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान चर्चा में क्यों? जानिए उनके बारे में सबकुछ
मासूमियत में इबादत का जज्बा, अल्वेज़ ने रखा पहला रोज़ा
राजस्थान के विनोद जाखड़ बने National Students' Union of India के राष्ट्रीय अध्यक्ष