जबलपुर।
आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVNL) की इकाई व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (VFJ) द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के तहत ओवरहाल किए गए पहले दो T-72 बैटल टैंकों को आज एक गरिमामयी समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजेला, मास्टर जनरल सस्टिनेंस (MGS) द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस उपलब्धि के साथ अब VFJ में बड़ी संख्या में टैंकों की ओवरहॉलिंग का रास्ता खुल गया है।इस अवसर पर आयोजित समारोह में AVNL के सीएमडी श्री संजय द्विवेदी, श्री सत्यब्रत मुखर्जी (डायरेक्टर ऑपरेशंस एवं HR), मेजर जनरल प्रभजोत सिंह भाटी (ADG), मेजर जनरल आर. एस. सुंदरम (ADG), श्री प्रवीण कुमार (सीजीएम, VFJ), श्री एस. पी. डेकेटे (कंट्रोलर CQA-OFV) एवं श्री राजीव गुप्ता (सीजीएम, GCF) सहित AVNL के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेभारतीय सेना के लिए बैटल टैंकों की बढ़ती ओवरहॉलिंग आवश्यकता को देखते हुए AVNL द्वारा अपनी प्रोडक्शन यूनिट VFJ को इस कार्य के लिए चुना गया है, जिससे AVNL की इकाई हैवी व्हीकल्स फैक्ट्री (HVF) में पहले से मौजूद ओवरहॉल सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। इसी क्षमता विस्तार योजना के तहत वर्ष 2025 में VFJ को टैंकों का पायलट ओवरहॉल करने की स्वीकृति दी गई थी।VFJ ने भारतीय सेना द्वारा निर्धारित सभी तकनीकी विशिष्टियों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप T-72 टैंकों का ओवरहॉल सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह VFJ की तकनीकी दक्षता, तैयारी और सेना की ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा करने की क्षमता को दर्शाता है।समारोह को संबोधित करते हुए AVNL के सीएमडी श्री संजय द्विवेदी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर टैंकों की सफल ओवरहॉलिंग के लिए VFJ की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि AVNL और VFJ पूरी क्षमता के साथ आगे भी टैंकों की ओवरहॉलिंग सुनिश्चित करते रहेंगे।मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजेला ने AVNL और VFJ की पूरी टीम को प्रथम दो T-72 टैंकों की सफल ओवरहॉलिंग के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तय समय में इसे पूरा कर टीम ने अपनी दक्षता का परिचय दिया है। भविष्य में टैंकों की ओवरहॉलिंग का बड़ा दायित्व VFJ को मिलेगा और उसे भी सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा, ऐसा उन्हें पूरा विश्वास है।इससे पहले स्वागत उद्बोधन में VFJ के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रवीण कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि जिस तरह दो T-72 टैंकों का ओवरहॉल समय पर किया गया है, उसी तरह आगे भी VFJ पूरी क्षमता और गुणवत्ता के साथ टैंकों की ओवरहॉलिंग करता रहेगा।