नागदा। थाना क्षेत्र में बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि नागदा पुलिस एवं आसपास के थानों से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हालात पर नियंत्रण पा लिया।स्थिति को पूरी तरह सामान्य बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से आज नागदा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च थाना नागदा से प्रारंभ होकर मिर्ची बाजार, राजीव कॉलोनी, चंबल सागर कॉलोनी, किल्कीपुरा, चंबल मार्ग, काल भैरव मंदिर, थाना चौराहा, पाल्या रोड, महिदपुर नाका, बस स्टैंड, जवाहर मार्ग होते हुए कोटा फाटक पहुंचकर संपन्न हुआ।फ्लैग मार्च का नेतृत्व एएसपी देहात अभिषेक रंजन, एसडीओपी आकांक्षा बछोटे के साथ तहसीलदार मधु नायक, तहसीलदार सुभाष सुनने, देवेश गोखले, थाना प्रभारी नागदा अमृतलाल गवरी, ऊर्जा डेस्क प्रभारी योगिता उपाध्याय, थाना बिरलाग्राम प्रभारी जितेंद्र पाटीदार एवं अन्य थाना प्रभारियों ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया।उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर सहयोग की अपील की तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नागदा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।