बड़वाह (खरगोन)।
खरगोन जिले के बड़वाह शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर की गई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बड़वाह पुलिस ने 90 लाख रुपये की चोरी करने वाले दो बालिग और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी चोरी का सोना-चांदी घर में रखने के बजाय कचरे के ढेर में छुपाकर रखते थे, ताकि किसी को शक न हो।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शहर में रेकी कर सूने मकानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कचरे के ढेर से 3 सोने के बार (कुल 300 ग्राम), 5 चांदी के बार (कुल 5 किलो), सोने के सिक्के, चूड़ियां और 28 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल बाजार कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।इस मामले में पुलिस ने हर्ष प्रजापति (22), दीपेश उर्फ दिव्यांश (19) और एक 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी बड़वाह के ही निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद माल को सुरक्षित रखने के लिए कचरे के ढेर का इस्तेमाल करते थे, जिससे किसी को उन पर शक न हो।बड़वाह थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने बताया कि विनोबा मार्ग निवासी फरियादी अरुण और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी खुश्याल की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी रविंद्र वर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शहर के प्रमुख रास्तों और इलाकों के करीब 48 घंटे के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें एक 16 वर्षीय संदिग्ध नजर आया। पूछताछ में उसने अपने साथियों हर्ष और दीपेश के नाम उजागर किए।पुलिस के मुताबिक, फरियादी अरुण 26 जनवरी को अपनी मां के इलाज के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान 26 से 29 जनवरी के बीच चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर 100-100 ग्राम के 3 सोने के बार और 1-1 किलो की 5 चांदी की ईंटें चुरा ली थीं। इसके अलावा 1 फरवरी को आरोपियों ने एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से भी करीब 30 हजार रुपये की चोरी की थी।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हर्ष और नाबालिग आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ बड़वाह थाने में पहले से ही चोरी, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।