विराट हिंदू सम्मेलन में देवकीनंदन महाराज का आह्वान: ब्रज की पवित्रता से कोई समझौता नहीं
मथुरा । कान्हा की नगरी ब्रज में एक बार फिर सनातन चेतना की गूंज सुनाई दी। गोवर्धन क्षेत्र के पाली डूंगरा स्थित महाराजा कॉलेज परिसर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में श्रद्धा, संकल्प और सामाजिक सरोकारों का भव्य संगम देखने को मिला। मंगलवार को हुए इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में सनातन धर्मावलंबी शामिल हुए और ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया।सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन महाराज रहे। अपने संबोधन में उन्होंने ब्रज क्षेत्र की पवित्रता को सर्वोपरि बताते हुए यहां शराब और मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली ब्रज की गरिमा बनाए रखना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है, और इसके लिए किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। देवकीनंदन महाराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ब्रज केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार और संस्कृति की पवित्र भूमि है।सम्मेलन के दौरान देवकीनंदन महाराज ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों को लेकर भी समाज को सचेत किया। दोपहर करीब दो बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री से विशेष रूप से बहन-बेटियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे डिजिटल दुनिया के मायाजाल से दूरी बनाकर अपनी संस्कृति, मर्यादा और मूल्यों की रक्षा करें।कार्यक्रम में साध्वी सरस्वती ने भी प्रभावशाली संबोधन दिया। उन्होंने हिंदू समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए युवाओं से अपनी परंपराओं से जुड़ने और धर्म व संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साध्वी सरस्वती ने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही अपनी पहचान और विरासत को सुरक्षित रख सकता है।विराट हिंदू सम्मेलन के माध्यम से संत समाज और श्रद्धालुओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए समाज अब पूरी तरह जागरूक और एकजुट है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन था, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक संरक्षण का सशक्त संदेश भी लेकर आया।

कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान चर्चा में क्यों? जानिए उनके बारे में सबकुछ
मासूमियत में इबादत का जज्बा, अल्वेज़ ने रखा पहला रोज़ा
राजस्थान के विनोद जाखड़ बने National Students' Union of India के राष्ट्रीय अध्यक्ष
टैरिफ ट्रंप का सबसे बड़ा हथियार: सस्ती दवाओं के लिए फ्रांस पर बनाया दबाव, वाइन पर 100% टैक्स की दी धमकी
Export Measures: निर्यात बढ़ाने के लिए सरकार के सात कदम, ई-कॉमर्स निर्यातकों को सस्ते कर्ज के साथ मदद भी
क्यों रूठ गए एमपी के गवर्नर? चाय छोड़ी, बीच में ही उठे खाने से