मथुरा में लठमार होली की धूम, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
मथुरा। ब्रज की पहचान बन चुकी नंदगांव-बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठमार होली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक इस अनोखी होली के रंग-उत्सव में शामिल होने मथुरा पहुंचेंगे। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कमर कस ली है।लठमार होली की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सीपी सिंह की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।लठमार होली के दौरान बरसाना और नंदगांव में भारी भीड़ उमड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और आपात सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा शिविर और सूचना केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है, ताकि जाम की समस्या से बचा जा सके। रोडवेज विभाग ने भी विशेष बसों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।वहीं वसंत पंचमी के बाद समाज के उपरांत मंदिरों के प्रांगण में पारंपरिक होरी और धमार गायन की शुरुआत हो चुकी है। बरसाना और नंदगांव के मंदिरों में ठाकुर श्रीकृष्ण के आंगन में रंग, रस और राग की अनुपम छटा देखने को मिल रही है। ढोलक, मंजीरा और पद गायन से पूरा ब्रज क्षेत्र होली के रंग में रंग चुका है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी लोग इस अनोखी परंपरा का आनंद सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में ले सकें।

कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान चर्चा में क्यों? जानिए उनके बारे में सबकुछ
मासूमियत में इबादत का जज्बा, अल्वेज़ ने रखा पहला रोज़ा
राजस्थान के विनोद जाखड़ बने National Students' Union of India के राष्ट्रीय अध्यक्ष
टैरिफ ट्रंप का सबसे बड़ा हथियार: सस्ती दवाओं के लिए फ्रांस पर बनाया दबाव, वाइन पर 100% टैक्स की दी धमकी
Export Measures: निर्यात बढ़ाने के लिए सरकार के सात कदम, ई-कॉमर्स निर्यातकों को सस्ते कर्ज के साथ मदद भी
क्यों रूठ गए एमपी के गवर्नर? चाय छोड़ी, बीच में ही उठे खाने से