नागदा जं. (निप्र)। महा शिवरात्रि के पावन पर्व पर गायत्री शक्ति पीठ नागदा में श्रद्धा और आस्था के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं विधिवत पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के परिजनों ने मिट्टी से शिवलिंग बनाकर “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करते हुए षोडशोपचार पूजन एवं अभिषेक संपन्न किया।गायत्री शक्ति पीठ की कार्यकर्ता ममता बैरागी ने बताया कि भगवान शिव और मां पार्वती के पावन विवाह पर्व शिवरात्रि के अवसर पर यह आयोजन आस्था और विश्वास के स्वरूप के रूप में किया गया। कार्यक्रम में नागदा की विभिन्न कॉलोनियों से बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के परिजन उपस्थित रहे और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इस अवसर पर गायत्री शक्ति पीठ के कार्यकर्ता भगवान दास द्वारा पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संस्कार भी संपन्न कराए गए। यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और आहुतियों से परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।ममता बैरागी ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत परम पूज्य गुरुदेव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। गायत्री शक्ति पीठ नागदा से जुड़े कार्यकर्ता 108 गांवों, कॉलोनियों, विद्यालयों, कॉलेजों तथा उज्जैन, गुलाबोद, खाचरोद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 11 हजार घरों तक गुरुदेव के विचार पहुंचा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य “घर-घर यज्ञ, घर-घर संस्कार” के माध्यम से मानव कल्याण और जन-जागृति फैलाना है।कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगर की कॉलोनियों से बड़ी संख्या में भाई-बहनों की सहभागिता रही। अंत में ममता बैरागी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।