सागर।
मध्य प्रदेश के सागर जिले से मिशनरी स्कूलों में बच्चों के साथ कथित मारपीट का एक गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यह मामला सागर जिले के रहली क्षेत्र स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट मिशनरी स्कूल का है, जहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि होमवर्क कॉपी न दिखाने पर शिक्षक ने छात्र को इस कदर पीटा कि उसके शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान दिखाई देने लगे।जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र अभिजीत ठाकुर जब रोज़ की तरह स्कूल गया था, तभी कक्षा में शिक्षक शैलेंद्र चढ़ार ने छात्रों से होमवर्क की कॉपी जांच के लिए कहा। जब अभिजीत अपनी कॉपी नहीं दिखा पाया, तो शिक्षक गुस्से में आ गए और उन्होंने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि यह मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्चा सहम गया और दर्द में स्कूल से घर लौटा।घर पहुंचने पर अभिजीत ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान पाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ थाने में मामला पंजीबद्ध कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है, जब किसी मिशनरी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र के साथ मारपीट की शिकायत सामने आई हो। कई अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर डर के कारण सामने आकर शिकायत नहीं कर पाते, लेकिन इस मामले ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर होने वाले अत्याचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल में जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है, जो कल स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी शिक्षक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों में आक्रोश का माहौल है और स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।