पुजारी ने शादी का प्रलोभन देकर युवती से किया दुराचार, फरार आरोपी पर मामला दर्ज
शहडोल।
शहडोल जिले के महिला थाना क्षेत्र में शहर के एक प्रसिद्ध मंदिर के पुजारी के खिलाफ दुराचार और एसटी–एससी एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित युवती की शिकायत पर बिराटेश्वरी धाम गंज दुर्गा मंदिर शहडोल के पुजारी आशीष राज तिवारी उर्फ छोटू महाराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 351(3) सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से सीधी जिले की निवासी है। उसकी बड़ी बहन शहडोल में रहती है, जिस कारण उसका शहडोल आना-जाना बना रहता था। वर्ष 2017 में तबीयत खराब होने पर वह दुर्गा मंदिर दर्शन के लिए गई थी, जहां मंदिर के पुजारी आशीष राज तिवारी उर्फ छोटू महाराज से उसकी जान-पहचान हुई। इसी दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लिया और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।पीड़िता के अनुसार, जान-पहचान बढ़ने के बाद आरोपी उसके घर सीधी पहुंचा और उसके माता-पिता के सामने छल-कपट करते हुए कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है और जात-पांत से ऊपर उठकर विवाह करेगा। इसके बाद आरोपी उसे सीधी से रीवा ले गया, जहां किराए के मकान में करीब तीन वर्षों तक अपने साथ रखकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।पीड़िता ने बताया कि इस दौरान आरोपी उसे यह कहकर बरगलाता रहा कि पहले उसकी बहन की शादी हो जाने दे, इसके बाद वह उसे शहडोल लाकर उससे शादी कर लेगा और अपने साथ रखेगा। वर्ष 2021 में आरोपी रीवा से शहडोल आ गया और यहां भी किराए के मकान में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो उसने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे नीची जाति का कहकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकी भी दी।इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल अभिषेक दीवान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुराचार एवं एसटी–एससी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

उदयपुर से ऋषिकेश के बीच होली स्पेशल ट्रेन की सौगात
मध्य प्रदेश में 6 साल में 2.70 लाख से ज्यादा बेटियां-बहुएं लापता
ग्रेटर नोएडा के स्कूल में छात्रा एक घंटे बाथरूम में बंद
जुबिन नौटियाल की याचिका पर कोर्ट का अहम सवाल
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में बिजनेस कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन
भतीजी की विदाई में भावुक हुए राजपाल यादव, गले लगाकर दिलासा देते आए नजर; वीडियो हुआ वायरल