मथुरा |  उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय अध्यक्षा डॉ. बबिता सिंह चौहान ने दिनांक 03 फरवरी 2026 को जिला कारागार मथुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया, जिसमें साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों से जुड़ी सुविधाएं कुल मिलाकर संतोषजनक पाई गईं।निरीक्षण की शुरुआत महिला वार्ड से की गई, जहां आयोग अध्यक्ष ने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। महिला बंदियों ने दैनिक जरूरतों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य विषयों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। डॉ. बबिता सिंह चौहान ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।महिला वार्ड में अपनी माताओं के साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा, देखभाल और अन्य व्यवस्थाओं की भी उन्होंने जानकारी ली और बच्चों के हित में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात आयोग अध्यक्ष ने कारागार की पाकशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां सादा भोजन तैयार किया जा रहा था। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का स्वयं अवलोकन किया। निरीक्षण में पाकशाला की स्वच्छता अच्छी पाई गई और तैयार किए जा रहे भोजन को गुणवत्तापूर्ण बताया गया।निरीक्षण के दौरान कारागार में संचालित बंदियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया गया। यहां बंदियों द्वारा तैयार की जा रही पोशाक एवं अन्य वस्तुओं को देखकर आयोग अध्यक्ष ने उनकी सराहना की और कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक सिद्ध होते हैं।निरीक्षण के अवसर पर जेल अधीक्षक श्री अंशुमन गर्ग, डॉ. उपेंद्र पाल सिंह सोलंकी, जेलर श्री सुरेंद्र मोहन सिंह, डिप्टी जेलर श्री दुर्गेश प्रताप सिंह, श्री रविंद्र कुमार, श्री हेमराज सहित अन्य जेल कर्मी उपस्थित रहे।निरीक्षण के समापन पर महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने जिला कारागार मथुरा में जेल प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।