खाचरौद। नवीन जनपद भवन को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए जनपद पंचायत खाचरौद के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह पंवार ने स्पष्ट किया है कि नया जनपद भवन 5 से 6 किलोमीटर दूर नहीं, बल्कि वर्तमान जनपद, तहसील और एसडीएम कार्यालय परिसर में ही बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की “एक परिसर, एक प्रशासन” नीति के तहत सभी शासकीय कार्यालय एक ही स्थान पर होना जनहित में आवश्यक है।मीडिया से चर्चा करते हुए जनपद अध्यक्ष पंवार ने बताया कि खाचरौद में वर्तमान जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय एवं एसडीएम कार्यालय शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 984, रकबा सात बीघा दो बिस्वा पर निर्मित हैं। इन तीनों कार्यालयों के नवीन भवनों के निर्माण हेतु शासन द्वारा पूर्व में ही राशि स्वीकृत की जा चुकी है, तथा 02 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इसी भूमि पर विधिवत भूमि पूजन भी किया जा चुका है।

पंवार ने बताया कि इस सर्वे क्रमांक 984 में से लगभग तीन बीघा भूमि पर तहसील एवं एसडीएम कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि शेष चार बीघा दो बिस्वा भूमि उपलब्ध है, जिस पर नवीन जनपद भवन का निर्माण आसानी से किया जा सकता है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा जनपद भवन के लिए 5 से 6 किलोमीटर दूर नई शासकीय भूमि का चयन किया जा रहा है, जो न केवल अव्यवहारिक है बल्कि मुख्यमंत्री द्वारा कराए गए भूमि पूजन का भी अपमान है।जनपद अध्यक्ष ने इस विषय में मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री एवं कलेक्टर उज्जैन को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब जनपद पंचायत की स्वयं की भूमि उपलब्ध है, जो तहसील परिसर से लगी हुई है और जहां वर्तमान में पंचवटी होटल संचालित हो रहा है, तो फिर दूरस्थ भूमि का चयन समझ से परे है।पंवार ने यह भी सवाल उठाया कि शासन की एक परिसर, एक प्रशासन नीति का स्थानीय प्रशासन पालन क्यों नहीं कर रहा है, जबकि यह नीति प्रशासनिक सुविधा और आम जनता की सहूलियत के लिए बनाई गई है। उन्होंने बताया कि नवीन जनपद भवन हेतु भूमि आवंटन को लेकर 13/11/2025 को एसडीएम खाचरौद तथा 15/07/2025 को कलेक्टर उज्जैन को पत्र भेजा जा चुका है, इसके बावजूद भ्रम की स्थिति बनाई जा रही है।उन्होंने कहा कि वर्तमान जनपद भवन के आसपास ही न्यायालय, एसडीएम कार्यालय, सीएम राइज स्कूल, नगर पालिका, बिजली विभाग, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, पुलिस थाना, एसडीओपी कार्यालय सहित अनेक शासकीय कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में पर्याप्त शासकीय भूमि होते हुए दूरस्थ स्थान पर नवीन जनपद भवन का निर्माण न तो आम जनता के हित में है और न ही जनपद पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भावनाओं के अनुरूप।जनपद अध्यक्ष पंवार ने कलेक्टर उज्जैन से आग्रह किया है कि वे इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर स्पष्ट निर्देश जारी करें, ताकि नवीन जनपद भवन का निर्माण उसी परिसर में हो, जहां मुख्यमंत्री द्वारा भूमि पूजन किया गया है।