कसरावद, (मध्य प्रदेश)।
मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर खरगोन जिले के कसरावद नगर में पारंपरिक हल्दी-कुमकुम उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के ट्वेंटी-ट्वेंटी कॉम्प्लेक्स परिसर में पार्षद रेखा हेमंत सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने सहभागिता की और भारतीय संस्कृति की इस सुंदर परंपरा को जीवंत किया।कार्यक्रम के दौरान पार्षद रेखा हेमंत सोनी ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व महिलाओं के सुहाग और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को हल्दी-कुमकुम का तिलक लगाकर सुहाग सामग्री का वितरण किया और एक-दूसरे को नववर्ष एवं मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नववर्ष पर ईश्वर से यही प्रार्थना है कि आने वाला समय सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।कार्यक्रम में महिलाओं को उपहार भी भेंट किए गए। साथ ही महिलाओं ने एक-दूसरे को गुड़, तिल, तिल्ली और मिठाइयां खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। उत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा अंताक्षरी, मकर संक्रांति पर आधारित खेल जैसे मेरा मांझा, चलो पतंग उड़ाएं, तिल-गुड़ और हल्दी-कुमकुम थीम पर आधारित खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत महिलाओं ने विभिन्न लोकगीतों और फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल उल्लासमय हो गया। इसी अवसर पर पार्षद रेखा हेमंत सोनी के पुत्र श्रेष्ठ सोनी का जन्मदिन भी मनाया गया। उपस्थित महिलाओं ने श्रेष्ठ सोनी को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल परंपराओं को सहेजते हैं, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और महिलाओं के बीच भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। आयोजन में नगर की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।