खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में ढाबे पर हुए विवाद के दौरान युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 20 जनवरी 2026 की रात्रि की है। पुलिस चौकी खामखेड़ा, थाना कसरावद को ग्राम सामेढ़ा फाटा स्थित ढाबे पर लड़ाई-झगड़े की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को 112 सेवा की मदद से शासकीय अस्पताल कसरावद में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।प्रारंभिक जांच में प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों ने बताया कि फरियादी राजू अपने मौसी के लड़के मोहर के साथ पानी पीने ढाबे पर गया था। वहां पहले से मौजूद दो युवक ढाबा संचालक से विवाद कर रहे थे। जब राजू और मोहर ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर राजू के सिर और पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और खून बहने लगा।घटना के बाद मोहर और ढाबा संचालक ने बीच-बचाव किया, जिसके पश्चात दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खरगोन रविंद्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के निर्देशन तथा एसडीओपी मंडलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि इस वारदात में मोहाली बैड़ी निवासी राधेश्याम उर्फ राधु एवं मोहाली पीपलगोन निवासी जगदीश उर्फ जगनिया शामिल हो सकते हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी राधेश्याम उर्फ राधु की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।