उज्जैन-जावरा मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएँ: 11 साल में 572 मौतें, 2516 घायल
नागदा जं. – उज्जैन-जावरा टु-लेन मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनज़र और आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस मार्ग के चौड़ीकरण अथवा फोरलेन किए जाने की मांग की है।पूर्व विधायक गुर्जर ने पत्र में बताया कि 2015 से जुलाई 2025 तक इस मार्ग पर 2063 दुर्घटनाएँ हुई हैं, जिनमें 572 लोगों की मृत्यु और 2516 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला आज भी जारी है और वर्तमान में हो रही दुर्घटनाएँ इन आंकड़ों को और अधिक भयावह बना रही हैं।उन्होंने उल्लेख किया कि शासन ने सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन के प्रमुख पहुंच मार्गों को फोरलेन परियोजना में शामिल कर निर्माण कार्य शुरू किया है, लेकिन उज्जैन-जावरा मार्ग अभी तक योजना में शामिल नहीं किया गया, जबकि यह मार्ग यातायात दबाव और दुर्घटनाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।
पूर्व विधायक गुर्जर ने कहा कि यदि शासन संसाधनों की कमी के कारण संपूर्ण मार्ग का उन्नयन नहीं कर सकता, तो कम से कम नागदा से उज्जैन तक के मार्ग का चौड़ीकरण या फोरलेन करना अत्यंत आवश्यक है। नागदा जंक्शन उज्जैन के बाद जिले का दूसरा सबसे बड़ा नगर है, जहाँ से राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित कई राज्यों के श्रद्धालु और यात्री उज्जैन आते-जाते हैं।उन्होंने याद दिलाया कि पहले यह मार्ग सिंगल रोड था, जिसके कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उनके विधायक कार्यकाल में इसे बीओटी योजना में शामिल कर टु-लेन बनाया गया, जिससे यातायात में कुछ राहत मिली, लेकिन वर्तमान में बढ़ते यातायात के कारण यह मार्ग फिर अपर्याप्त हो गया है।पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि इस मार्ग के चौड़ीकरण/फोरलेन की मांग 7 अगस्त 2025 को कांग्रेस विधायक रामकिशोर दोगने द्वारा विधानसभा प्रश्न के माध्यम से उठाई गई थी और आगामी बजट सत्र में इसे पुनः सदन में मजबूती से उठाया जाएगा।पूर्व विधायक गुर्जर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित, यात्रियों की सुरक्षा और सिंहस्थ की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उज्जैन-जावरा मार्ग के चौड़ीकरण/फोरलेन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन के माध्यम से इस मुद्दे को आगे बढ़ाएगी और मार्ग पर आने वाले प्रत्येक गांव और शहर से ज्ञापन भेजा जाएगा।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (21 फ़रवरी 2026)
श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने श्रमिक भाई -बहन बनें जागरूक- राजस्व मंत्री वर्मा
डिजिटल सुविधा केंद्र में 86 वर्षीय भक्तिन राय को अंगूठे के निशान पर मिल रही सुविधाएं