शंकराचार्य को गंगा स्नान कराने की मांग, फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी को लिखा पत्र
मथुरा।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मामले के मुख्य याचिकाकर्ता और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने शंकराचार्य को सम्मानपूर्वक गंगा स्नान कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर हस्तक्षेप की अपील की है।फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में कहा है कि शंकराचार्य हिंदू समाज के सर्वोच्च और पूज्य धार्मिक गुरुओं में से एक हैं, जिनका सम्मान पूरे सनातन समाज की आस्था से जुड़ा हुआ है। ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार का अमर्यादित व्यवहार न केवल संत समाज बल्कि समूचे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करता है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एक सनातनी संत हैं और हिंदू समाज के गौरव माने जाते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भीशंकराचार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करते रहे हैं। ऐसे में संत समाज के बीच किसी भी तरह का विवाद या टकराव समाज को गलत संदेश देता है।फलाहारी महाराज ने माघ मेले के दौरान सामने आए कुछ वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि इन दृश्यों से यह प्रतीत होता है कि साधु-संतों के साथ अधिकारियों द्वारा उचित व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर प्रशासन से कोई चूक हुई है, तो संबंधित अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर सकते हैं।पत्र में यह भी कहा गया है कि संतों के आपसी मतभेदों का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है, जिससे समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो रही है। फलाहारी महाराज ने आशंका जताई कि इस प्रकार के विवाद से सनातन परंपरा और धार्मिक एकता को नुकसान पहुंच सकता है।उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें कि शंकराचार्य के सम्मान में कोई कमी न हो और गंगा स्नान को लेकर उत्पन्न विवाद का शीघ्र समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि शंकराचार्य को गंगा स्नान से रोका जाना धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं है और इससे साधु-संतों तथा श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ रही है।फलाहारी महाराज ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर सनातन धर्म के अनुयायियों में रोष देखने को मिल रहा है, जिसे शांत करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने अपील की कि संत समाज की मर्यादा और सम्मान बनाए रखते हुए इस पूरे प्रकरण का जल्द समाधान किया जाए।

Petrol-Diesel Price: शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने दी राहत या बढ़ी मुसीबत? चेक करें आज का ताजा भाव
Gold-Silver Rate: सोने की बढ़ती कीमतों के बीच चांदी ने दी राहत, फटाफट चेक करें अपने शहर का नया दाम