गोवर्धन। गोवर्धन स्थित हनुमान बाग में सियाराम बाबा के सान्निध्य में आयोजित वार्षिक भंडारा कार्यक्रम के दौरान उस समय विशेष आध्यात्मिक वातावरण बन गया, जब प्रसिद्ध संत गुरु शरणानंद महाराज का कार्यक्रम स्थल पर आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही संत-समाज और श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा।कार्यक्रम स्थल पर सियाराम बाबा द्वारा गुरु शरणानंद महाराज का विधिवत सम्मान एवं स्वागत किया गया। संतों के इस मिलन ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। गुरु शरणानंद महाराज ने सबसे पहले हनुमान बाग में विराजमान हनुमान जी के दर्शन किए और तत्पश्चात भंडारे स्थल पर पहुंचकर आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।गुरु शरणानंद महाराज ने भंडारे की भव्यता, सेवा भाव और अनुशासन की सराहना करते हुए सियाराम बाबा को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों संतों के बीच आध्यात्मिक संवाद भी हुआ, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा और भावपूर्वक सुना।सियाराम बाबा के सान्निध्य में चल रहे इस वार्षिक भंडारे में दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते हुए भक्तों के चेहरों पर आस्था, संतोष और भक्ति का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पूरे गोवर्धन क्षेत्र में जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।इस अवसर पर गुरु शरणानंद महाराज ने स्वयं भी भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा और भक्ति से जुड़े आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भावना और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है। संतों का यह मिलन भक्तों के लिए प्रेरणास्रोत है और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम के समापन के बाद गुरु शरणानंद महाराज अपने काफिले के साथ अपने आश्रम की ओर प्रस्थान कर गए। उनके पावन आगमन से वार्षिक भंडारे की गरिमा और भी बढ़ गई। सियाराम बाबा द्वारा आयोजित यह भंडारा कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और समर्पण का जीवंत उदाहरण बनकर गोवर्धन में आस्था की नई ऊर्जा का संचार कर रहा है।