मथुरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना हाईवे क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर से 24 वर्षीय युवती के लापता होने के 16 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा सकी है। बेटी की राह देखते-देखते माता-पिता की आंखें पथरा गई हैं और हर बीतता दिन उनके लिए किसी सजा से कम नहीं है।जानकारी के अनुसार, ग्राम सलेमपुर निवासी 24 वर्षीय करिश्मा 3 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो करिश्मा के भाई हेमंत ने थाना हाईवे में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।लापता युवती के माता-पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी काफी समय से आकाश पुत्र रामकुमार निवासी गोपालधाम, थाना हाईवे, मथुरा से फोन पर बातचीत करती थी। आकाश वर्तमान में अमेठी कैंप में रेडियो ऑपरेटर की ट्रेनिंग कर रहा है। परिजनों का कहना है कि 3 जनवरी 2026 को आकाश जानबूझकर छुट्टी लेकर मथुरा आया था और उसी दिन उसकी करिश्मा से बातचीत हुई, जिसके बाद युवती लापता हो गई। उनका आरोप है कि आकाश ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।बेटी के लापता होने के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता का कहना है कि वे पिछले 16 दिनों से लगातार थाना हाईवे से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं। न तो कोई ठोस कार्रवाई नजर आ रही है और न ही बेटी को तलाशने के लिए कोई गंभीर प्रयास।लापता युवती के पिता ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सही-सलामत बरामद किया जाए और मामले को गंभीरता से लिया जाए। हर गुजरते दिन के साथ परिवार की चिंता और डर बढ़ता जा रहा है। माता-पिता बस यही कह रहे हैं—“बेटी, घर आ जा… बहुत याद आ रही है।”अब बड़ा सवाल यह है कि मथुरा पुलिस कब इस मामले में ठोस कदम उठाएगी और एक परिवार की टूटती उम्मीदों को सहारा दे पाएगी।