नागदा। उज्जैन–जावरा स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए प्रशासन और एमपीआरडीसी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को एमपीआरडीसी के एजीएम दीपक शर्मा ने नागदा एसडीएम रंजना पाटीदार के साथ हाईवे का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर दुर्घटना संभावित स्थलों और खतरनाक मोड़ों का बारीकी से परीक्षण किया गया।एसडीएम रंजना पाटीदार ने बताया कि शनिवार से उज्जैन–जावरा स्टेट हाईवे के दोनों ओर शोल्डर भरने का कार्य एमपीआरडीसी द्वारा शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे नागदा डिवीजन में सड़क को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।उन्होंने बताया कि हाईवे पर मौजूद ब्लैक स्पॉट्स को समाप्त किया जाएगा, साथ ही आवश्यक स्थानों पर संकेतक बोर्ड और स्पीड ब्रेकर भी लगाए जाएंगे। सड़क के किनारे लगाए गए अवैध विज्ञापन बोर्ड और अतिक्रमण को भी सख्ती से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान दोनों थानों के टीआई एएल गवरी एवं जितेंद्र पाटीदार भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर यातायात सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसडीएम रंजना पाटीदार ने दावा किया कि शनिवार से सड़क सुधार कार्य प्रारंभ हो जाएगा और जल्द ही हाईवे को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाएगा।