गोवर्धन (मथुरा)।
शुक्रवार को थाना गोवर्धन परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मथुरा सुरेश चंद्र रावत द्वारा बीट कांस्टेबलों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।गोष्ठी के दौरान एएसपी ग्रामीण ने बीट कांस्टेबलों को बीट “यक्ष ऐप” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और उसके प्रभावी उपयोग पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से क्षेत्र से जुड़ी छोटी-बड़ी समस्याओं की जानकारी समय पर प्राप्त हो सकेगी, जिससे पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई संभव होगी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।बैठक में थाना स्तर पर कार्यरत निरीक्षक एवं उप निरीक्षक अधिकारियों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। एएसपी ग्रामीण ने थाना गोवर्धन में लंबित विवेचनाओं एवं प्रकरणों पर विशेष नाराज़गी जताते हुए उन्हें अगले सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही गोष्ठी में साइबर अपराधों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एएसपी ग्रामीण ने साइबर ठगों के खिलाफ और अधिक सख्त व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बन चुके हैं, ऐसे में पुलिस को तकनीकी रूप से सक्षम होकर इन अपराधों पर कड़ा प्रहार करना होगा।गोष्ठी के उपरांत एएसपी ग्रामीण ने थाना प्रभारी एवं पुलिस बल के साथ कस्बा गोवर्धन में पैदल गश्त की। गश्त के दौरान आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने दर्शनार्थियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।