खरगोन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 की प्रमुख घोषणाओं और नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को जिला भाजपा कार्यालय खरगोन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री नागर सिंह चौहान एवं खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने बजट के 24 महत्वपूर्ण प्रावधानों और घोषणाओं की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों के साथ साझा की।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे, पूर्व कृषि राज्यमंत्री एवं खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।मंत्री नागर सिंह चौहान ने बजट को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि जहां पूरे देश में इस बजट को लेकर सकारात्मक माहौल है, वहीं कांग्रेस की आदत बन चुकी है कि वह विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में खामियां निकालकर बाधाएं खड़ी करती है। बावजूद इसके, जनता का सरकार पर भरोसा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है, जिससे देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।मंत्री चौहान ने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को सशक्त बनाने वाला है। साथ ही इसमें महानगरों, शहरों के विकास के साथ ग्रामीण विकास, ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।उन्होंने बजट को ‘ज्ञान का बजट’ बताते हुए कहा कि इसमें जी-गरीब, व्हाय-युवा, ए-अन्नदाता और एन-नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोदी सरकार के संकल्प को दोहराया गया है। यह बजट देश के 140 करोड़ नागरिकों के सपनों, आकांक्षाओं और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला है, जो गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा तय करता है।मंत्री चौहान ने कहा कि यह बजट इतिहास में उस बजट के रूप में याद किया जाएगा, जिसने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में देश के कदमों को और तेज किया है।