मध्यप्रदेश के राजस्व विभाग में कार्यरत लोकल यूथ सर्वेयरों के कैडर निर्धारण, नियमित या संविदा नियुक्ति की मांग को लेकर जबलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। लोकल यूथ महासंघ मध्यप्रदेश के आह्वान पर जबलपुर जिले की सभी तहसीलों में पदस्थ सर्वेयर तिलवारा घाट में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने बैठक आयोजित कर अपनी मांगों को लेकर रणनीति बनाई और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।प्रदर्शन के दौरान लोकल यूथ महासंघ के अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश में कैडर निर्धारित न होने के कारण 90 हजार से अधिक सर्वेयर परिवारों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सर्वेयर नियमितीकरण या स्थायी कैडर की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।वीरेंद्र गोस्वामी ने आरोप लगाया कि हाल ही में राज्य कैबिनेट द्वारा सात कर्मचारी कैडरों में से चार कैडर समाप्त करने का निर्णय लिया गया है, जिससे पूरे प्रदेश के लोकल यूथ सर्वेयरों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से हजारों युवाओं की नौकरी और भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।जिला सर्वेयर संघ और लोकल यूथ महासंघ मध्यप्रदेश ने मीडिया के माध्यम से शासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो प्रदेश के सभी राजस्व सर्वेयर भोपाल पहुंचकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।प्रदर्शन के दौरान सर्वेयरों ने एकजुटता दिखाते हुए नारेबाजी की और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। बैठक में बड़ी संख्या में जिले के सर्वेयर, पदाधिकारी और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।