कसरावद | 
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव ने शुक्रवार को कसरावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बलकवाड़ा उद्वहन सिंचाई योजना (पीएच-1) के कमांड क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों के साथ योजना की प्रगति, जल आपूर्ति की स्थिति और किसानों को आ रही समस्याओं की जानकारी मौके पर ली।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक सचिन यादव ने प्रातः जलखा पहुंचकर निरीक्षण दौरे की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने योजना के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए पंप हाउस, नहरों, पाइपलाइनों एवं जल वितरण व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने सिंचाई जल की समयबद्ध उपलब्धता, नियमित आपूर्ति और रखरखाव से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।निरीक्षण के दौरान बड़िया, बलकवाड़ा, बारदेवला, बैंगदा, बैंगदी, बैसरकुंड, भैसावद, भोपालपुरा, बिलवा, डाबरी, दगड़खेड़ी, दखनीपुरा, डोलानी, फाजिलपुरा, हतोला, हिरापुर, जहागीपुरा, जलखा, जोतपुरा, कातरिया, कुण्डिया, महेतपुरा, मलतार, मिर्जापुर, नारायणपुरा, नायदड़, पाटियापुरा, रामपुरा, रसवा, साईखेड़ा, सिंनगुन, सुर्वा, तितरान्या एवं मुख्तियारपुर सहित कई गांवों के किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।इस अवसर पर विधायक सचिन यादव ने नर्मदा घाटी विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.एस. अलावा, सहायक यंत्री एस.आर. डावर, अतुल तायड़े, कार्य एजेंसी के प्रबंधक संदीप यादव एवं सुपरवाइजर लालजी भारद्वाज को निर्देश दिए कि पेटियों में शीघ्र कनेक्शन किए जाएं, टूटी हुई पाइपलाइनों को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विधायक यादव ने कमांड क्षेत्र के किसानों से भी अपील की कि परियोजना की पाइपलाइनों, वाल्वों एवं अन्य उपकरणों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों की अपनी है और इसका लाभ भी किसानों को ही मिलना है। साथ ही अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्देशित किया कि दिन में 12 घंटे पेटियों में पानी उपलब्ध कराया जाए तथा रात्रि के समय नदी-नालों एवं तालाबों को फीड किया जाए, ताकि सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।ग्रामीणों ने सिंचाई सुविधा को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस निरीक्षण से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिला है।

बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का भी किया निरीक्षण

पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने गुरुवार एवं शुक्रवार को सिंचाई परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान कसरावद विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, आंधी-तूफान एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के खेतों का भी दौरा किया। उन्होंने फसलों में हुई क्षति का जायजा लेते हुए तत्काल अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कसरावद से दूरभाष पर चर्चा की और प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए।