खरगोन। सकल क्षत्रिय माली समाज का पहला युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को शहर के सीता मंगल भवन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती साफ तौर पर देखने को मिली। बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से बेबाकी के साथ अपना परिचय दिया।सम्मेलन के मुख्य अतिथि विधायक बालकृष्ण पाटीदार रहे। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा से संकलित “शुभमंगल परिचय से परिणय” स्मारिका का विधिवत विमोचन किया। विधायक ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज को विकास और उन्नति की दिशा में भी आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाजिक आयोजनों के लिए शहर में जल्द ही दो बड़े सार्वजनिक भवनों की सौगात दी जाएगी। नवग्रह कॉरिडोर में बड़े हॉल और किला मैदान परिसर में गीता भवन निर्माणाधीन है, जो शीघ्र ही समाज को समर्पित किए जाएंगे। ये भवन सामाजिक सुरक्षा, पारिवारिक मेलजोल और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेंगे।समारोह में समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। समाज के कोषाध्यक्ष कैलाश माली, प्रचार प्रमुख पंकज सोलंकी एवं संतोष आलीवाल ने बताया कि यह समाज का पहला परिचय सम्मेलन था, जो पूरी तरह सफल रहा। विमोचित स्मारिका में खरगोन जिले सहित निमाड़ और मालवा संभाग के विवाह योग्य युवक-युवतियों का पारिवारिक परिचय संकलित किया गया है, जिससे समाज में योग्य रिश्तों के चयन को सरल बनाया जा सकेगा।सम्मेलन के दौरान मंच से परिचय देते हुए युवक-युवतियों ने शिक्षा, व्यवसाय और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी साझा की। उपस्थित समाजजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की मांग की।अंत में आयोजकों ने सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया और समाज को संगठित रखते हुए आगे बढ़ने का संकल्प लिया।