कोसी में बड़ा हादसा: ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद बवाल, जाम और पथराव से बिगड़े हालात
उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के कोसी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ब्रज क्षेत्र के चर्चित गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिससे जाम और पथराव की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे फरसा वाले बाबा को सूचना मिली थी कि हरियाणा सीमा के पास एक वाहन में गोवंश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और नागालैंड नंबर के एक कंटेनर को रोककर उसकी जांच करने लगे। जांच के दौरान कंटेनर में साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान मिले, जिससे गोवंश तस्करी की आशंका गलत साबित हुई।इसी दौरान घने कोहरे के चलते पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक में तार भरा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि फरसा वाले बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने इस हादसे को साजिश बताते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और पथराव शुरू कर दिया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। श्लोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

गिरते रुपया पर कांग्रेस का निशाना, अमिताभ बच्चन को याद दिलाया 2013 का ट्वीट
सतना में अनोखे अंदाज़ में अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज़, हाथों में काली पट्टी बांधकर दी श्रद्धांजलि
कोसीकला में गौरक्षक की मौत के बाद बवाल, हादसा या साजिश—जांच में जुटी पुलिस
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
इंदौर में करण औजला का बड़ा कॉन्सर्ट, नगर निगम ने की साउंड सिस्टम जब्ती
निमाड़ में चैत्र नवरात्रि की धूम: मां गणगौर उत्सव में आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम