टीकमगढ़ जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय सॉफ्टबॉल बालक-बालिका प्रतियोगिता के तहत मध्य प्रदेश टीम का प्री-नेशनल कोचिंग कैंप 23 से 27 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर टीकमगढ़ जिला मुख्यालय के ढोगा मैदान में संचालित हो रहा है, जिसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न संभागों से 16 बालक और 16 बालिकाएं सहभागिता कर रहे हैं।इस कैंप में गंभीर लापरवाही सामने आई है। खिलाड़ियों को दिए गए नाश्ते में कॉकरोच निकलने का मामला सामने आने के बाद खिलाड़ियों में आक्रोश देखने को मिला। इसको लेकर खिलाड़ियों ने औपचारिक रूप से शिकायत भी दर्ज कराई है।खिलाड़ियों का आरोप है कि उन्हें पोषणयुक्त भोजन नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि टीकमगढ़ आने के बाद से उन्हें रोजाना केवल आलू की सब्जी दी जा रही है। प्रोटीन के नाम पर न तो फल, न अंडा और न ही दूध उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि शासन द्वारा प्रति खिलाड़ी 350 रुपये प्रतिदिन डाइट मद में खर्च किया जा रहा है।खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह की अव्यवस्था उनके स्वास्थ्य और खेल प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाल रही है। उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण कैंप की व्यवस्थाएं जिला शिक्षा अधिकारी टीकमगढ़ की अध्यक्षता में गठित आयोजन समिति द्वारा की गई थीं, बावजूद इसके भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।नाश्ते में कॉकरोच मिलने के बाद खिलाड़ियों ने विरोध जताते हुए आयोजन समिति पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। वहीं, इस पूरे मामले में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कैमरे पर बयान देने को तैयार नहीं है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।