देशभर में एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने प्रामाणिक घरेलू ग्राहकों के लिए गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब उपभोक्ताओं को रिफिल के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचाए जा रहे हैं।इंडियनऑयल द्वारा एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नई प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत रिफिल सिलेंडर की डिलीवरी सीधे ग्राहकों के घर तक की जा रही है। साथ ही, डिलीवरी की पुष्टि के लिए डीएसी यानी डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड की सुविधा शुरू की गई है।इंडेन गैस वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राहक से डीएसी कोड प्राप्त करने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। इससे फर्जी डिलीवरी और गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और उपभोक्ताओं को सही समय पर सेवा मिल सकेगी।कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वितरण केंद्रों या डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर जाने से बचें और घर पर ही डिलीवरी का इंतजार करें। यह व्यवस्था न केवल सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि भीड़भाड़ को कम कर सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगी।