ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, विकास कार्यों में धन हड़पने के आरोप
मथुरा।
टप्पल क्षेत्र के ग्राम हेतलपुर में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम प्रधान की कथित उदासीनता और विकास के नाम पर धन हड़पने के आरोपों को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और अपनी समस्याएं मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाईं।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मूलभूत समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। नालियों में कीचड़ जमा है, पानी निकासी की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है, श्मशान जाने वाली सड़क टूट-फूट का शिकार है और चारों ओर गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते पांच वर्षों में विकास कार्यों के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की गई हैं, जबकि धरातल पर कोई भी सुविधा दिखाई नहीं देती।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान ग्राम प्रधान द्वारा श्मशान मार्ग, विकलांग शौचालय, हैंडपंप मरम्मत, रीबोरिंग, पार्क, ओपन जिम, खड़ंजा निर्माण, सामुदायिक शौचालय के सौंदर्यीकरण और दुरुस्तीकरण जैसे कई कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कराई गई, लेकिन इन योजनाओं का लाभ आज तक ग्रामीणों को नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों और सचिव से मिलीभगत कर विकास कार्यों में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है।मौके पर पहुंची दैनिक जागरण की टीम ने गांव की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। गांव निवासी बल्लम शर्मा ने बताया कि विकास कार्य के नाम पर कोई ठोस काम नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृत पशुओं को गांव की पोखर में फेंक दिया जाता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो रही हैं।गांव निवासी महेंद्र ने बताया कि गांव में न तो कोई पार्क है और न ही ओपन जिम, जबकि कागजों में इन कार्यों को पूरा बताया गया है। सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप है।संजीव कुमार ने बताया कि गांव में पहले से एक सामुदायिक शौचालय मौजूद है, लेकिन उसमें हमेशा ताला लगा रहता है और सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा केवल शौचालय के सामने इंटरलॉकिंग कराकर इसे सुधार कार्य बताया जा रहा है।
वहीं ग्राम निवासी बंटी ने श्मशान भूमि की स्थिति को बेहद खराब बताते हुए कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा कोई कार्य नहीं कराया गया। श्मशान में चबूतरे और कुर्सियों का निर्माण ग्रामीणों के सहयोग से किया गया था।इन आरोपों पर जब वर्तमान ग्राम प्रधान सुंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया। ग्राम प्रधान का कहना है कि ग्रामीण जिन कार्यों की बात कर रहे हैं, वे उनकी योजना से पहले के हैं। हालांकि सफाई व्यवस्था से जुड़े सवालों पर ग्राम प्रधान ने चुप्पी साध ली।फिलहाल ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

बिहार में बलात्कारियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है – राजद नेता तेजस्वी यादव
टेक्नोलॉजी से सेमीकंडक्टर तक: भारत-ब्राज़ील ट्रेड डील की 5 बड़ी बातें
मां दंतेश्वरी मंदिर में फागुन मेला 2026 का भव्य आयोजन
बिलासपुर में फूड इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
अंबिकापुर में दूषित पानी से पीलिया का खतरा, ई-कोलाइटिस मिला
लश्कर के अटैक के खतरे के बीच पंजाब और कश्मीर में मिले IED, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां