झालावाड़ जिले के अकलेरा में सैटेलाइट अस्पताल परिसर में नवनिर्मित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से बने इस भवन का उद्घाटन विधायक गोविंद रानीपुरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया।कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद विधायक रानीपुरिया ने विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उनका फूल-मालाओं और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।अपने संबोधन में विधायक गोविंद रानीपुरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नए भवन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और प्रशासनिक कार्यों में भी सुगमता आएगी।विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी कर्मचारी या अधिकारी अनुपस्थित पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और आमजन को बेहतर सेवाएं देने की हिदायत दी।