सहकारी समिति सहायक प्रबंधक कैडर भर्ती में अनियमितता का आरोप
बालाघाट।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बालाघाट में सहकारी समितियों के प्रभारी प्रबंधक कैडर भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। सहायक प्रबंधकों ने इस भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को बैंक पहुंचकर बैंक महाप्रबंधक से मुलाकात की और अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराईं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे हाईकोर्ट का रुख करेंगे।सहायक प्रबंधकों का कहना है कि सहकारी समितियों में प्रभारी प्रबंधक के पदों पर भर्ती की जानी थी, लेकिन दावा-आपत्ति प्रक्रिया का समुचित निराकरण किए बिना केवल 9 कर्मचारियों की चयन सूची जारी कर दी गई, जो पूरी तरह अनुचित है।इस संबंध में मध्य प्रदेश सहकारी कर्मचारी महासंघ के सहसचिव दिनेश कुमार परिहार ने बताया कि जिले से करीब 24 से 25 कर्मचारियों का चयन प्रभारी प्रबंधक पद के लिए होना था। कलेक्टर द्वारा पात्र-अपात्र की सूची जारी करने के बाद कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट बुलाकर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने को कहा गया था। कर्मचारियों ने नियमानुसार दावा-आपत्ति भी प्रस्तुत की, लेकिन उसके बाद न तो दोबारा बुलाया गया और न ही अंतिम पात्र-अपात्र सूची सार्वजनिक की गई।उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अंतिम सूची प्रकाशित किए ही बैंक प्रबंधन द्वारा 9 लोगों की चयन सूची जारी कर दी गई, जो नियमों के खिलाफ और न्यायसंगत नहीं है। कर्मचारियों ने मांग की है कि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी जांच कराकर न्यायोचित भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाए।

मुस्लिम MLA ने गाय को लेकर उठाई मांग पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद खुश… बोले-ये हिंदू विधायकों पर कलंक जैसा