नागदा स्थित भारत कॉमर्स विद्यालय में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब विद्यालय के प्रिंसिपल के.बी. गुप्ता ने अनुशासन का हवाला देते हुए कुछ छात्रों के बाल स्कूल परिसर में कटवा दिए। बताया जा रहा है कि प्रिंसिपल द्वारा छात्रों को बीते कई दिनों से बार-बार बाल कटवाने की चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन छात्रों और उनके पालकों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।लगातार अनदेखी के बाद प्रिंसिपल के.बी. गुप्ता ने सख्त कदम उठाते हुए स्कूल में ही बच्चों के बाल कटवा दिए। इस कार्रवाई के बाद कुछ छात्रों के पालकों ने इसका विरोध किया, वहीं कई पालकों ने इसे अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सही कदम बताया।मामले को लेकर प्रिंसिपल के.बी. गुप्ता ने हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालय में अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि बच्चों को पहले ही डिसिप्लिन के तहत बाल कटवाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जब इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो यह कदम उठाना पड़ा।प्रिंसिपल गुप्ता ने यह भी बताया कि वे इससे पहले नवोदय विद्यालय में प्रिंसिपल रह चुके हैं, जहां बच्चों को अनुशासन में रहकर पढ़ाई करने की सख्त सीख दी जाती है। उनका कहना है कि उनका एकमात्र उद्देश्य बच्चों को अनुशासित बनाना है, ताकि वे बेहतर पढ़ाई कर अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हो सकें।