मथुरा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, निदेशक वेटरन्स हेल्पलाइन मथुरा कैंट कर्नल तेज सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, सैनिक बंधु समिति के सदस्य, पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने गत माह में प्राप्त पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के प्रार्थना पत्रों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। जिन मामलों का अब तक निस्तारण नहीं हो सका था, उन्हें शीघ्र और प्रभावी ढंग से हल करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान दिया है, इसलिए उनकी तथा उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिक बंधु समिति की बैठकें केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि इसका वास्तविक लाभ पूर्व सैनिकों को जमीनी स्तर पर मिलना चाहिए। भूमि विवाद, पेंशन, चिकित्सा सुविधाएं, आवास, शिक्षा और अन्य विभागीय समस्याओं के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा गया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पूर्व सैनिक या उनके आश्रित को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का कर्तव्य है कि पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुविधा और अधिकारों की पूरी तरह रक्षा की जाए।अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सैनिक बंधु समिति के सदस्यों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक के समापन की घोषणा की गई।