शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र के नरसरहा स्थित मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन (MPWLC) के गोदाम में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचने के बावजूद पांच घंटे से अधिक समय तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा बारदाना, धान और बीज पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।आग लगने की सूचना मिलते ही शहडोल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए 8 से अधिक दमकल वाहनों को आग बुझाने में लगाया गया, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं रहा। इसके बाद रिलायंस कंपनी की फायर टीम से भी मदद मांगी गई, जो मौके पर पहुंचकर लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। हालांकि, फिलहाल अधिकारी नुकसान के आंकलन को लेकर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर इसे अज्ञात कारणों से लगी आग बताया जा रहा है। मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।बताया जा रहा है कि यह गोदाम मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन, शहडोल शाखा के अंतर्गत आता है, जिसकी कुल भंडारण क्षमता लगभग 2800 मैट्रिक टन है। नरसरहा परिसर स्थित MPWLC-1, MPWLC-2 और MPWLC-3 गोदामों में आग फैलने से नुकसान और बढ़ गया है।लगातार प्रयासों के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।