परिचित ने उड़ाए 35 लाख के गहने, लॉकर की चाबी चुराकर चार बार दिया वारदात को अंजाम
परिचित ने उड़ाए 35 लाख के गहने, लॉकर की चाबी चुराकर चार बार दिया वारदात को अंजाम
उज्जैन।
नीलगंगा थाना क्षेत्र में भरोसे को तार-तार कर देने वाली चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पड़ोस में रहने वाले एक परिचित युवक ने घरवालों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर लॉकर की चाबी चुरा ली और चार अलग-अलग बार चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। चोरी किए गए आभूषणों का वजन लगभग आधा किलो सोना बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, अक्टूबर माह में दिवाली पूजन के बाद मयूर कृष्णानी ने अपने घर के लॉकर में नकदी और कीमती आभूषण सुरक्षित रखे थे। इसी दौरान पास में रहने वाला परिचित युवक घर की गतिविधियों पर नजर रखने लगा। मौका पाकर आरोपी ने मयूर कृष्णानी की माताजी के चाबी के गुच्छे में से लॉकर की एक चाबी चोरी कर ली और अलग-अलग चार बार में लॉकर को पूरी तरह खाली कर दिया।जब आवश्यकता पड़ने पर मयूर कृष्णानी ने लॉकर खोला तो उसमें न नकदी मिली और न ही आभूषण। इसके बाद उन्होंने नीलगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी, सीएसपी और एससीसी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस का शक पास में रहने वाले लवेश टहलवानी पर गया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने हाल ही में अपने सभी लोन, ईएमआई और दोस्तों से लिया गया कर्ज चुका दिया है, जबकि उसकी आय इतनी नहीं थी कि वह यह भुगतान कर सके। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली।कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 35 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। वहीं आरोपी द्वारा 8 से 10 लाख रुपये नकद अलग-अलग स्थानों पर छिपाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।फिलहाल आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिसमें छिपाई गई नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि चोरी की रकम से जिन लोगों का कर्ज चुकाया गया है, यदि उन्होंने यह राशि अनजाने में ली है तो उनसे पैसा रिकवर किया जाएगा, लेकिन उन्हें आरोपी नहीं बनाया जाएगा। हालांकि यदि कोई व्यक्ति चोरी की घटना में संलिप्त या दुष्प्रेरित पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Australia में सिख युवक पर नस्लीय हमला, जिम के बाहर मारपीट
मंच पर हंगामा: गायक Masoom Sharma ने पूर्व सरपंच को उतारा
MBA छात्रा मर्डर केस: शक, चाहत और नशे ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
India-Bangladesh: 'बीसीसीआई और भारत के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं', बांग्लादेश के खेल मंत्री अमीनुल हक का बयान
शिवाजी महाराज पर आधारित हैं ये फिल्में, इन कलाकारों ने पर्दे पर निभाया उनका किरदार
Bangladesh Cricket: सरकार बदली, सुर बदले! बांग्लादेश के नए खेल मंत्री ने कहा- शाकिब-मुर्तजा की वापसी चाहते हैं