खरगोन।
जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनके उत्पादों का उचित बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को शहर की कृषि उपज मंडी परिसर में जैविक / प्राकृतिक हाट बाजार का आयोजन किया गया। इस हाट बाजार में जिले के करीब 15 किसानों ने भाग लिया और दाल, अनाज, सब्जी व फलों के स्टॉल लगाए।हाट बाजार का अवलोकन करने जिला कलेक्टर भव्या मित्तल भी पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों से जैविक उत्पादों की खरीदी की और किसानों से संवाद कर उन्हें जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्राकृतिक और जैविक खेती के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और आम नागरिकों को शुद्ध व स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो।कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि मंडी प्रांगण में लगाए गए इस जैविक / प्राकृतिक हाट बाजार में जिले के किसानों ने स्वयं अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया। जिले के नागरिकों के साथ-साथ अधिकारी और कर्मचारी भी यहां जैविक उत्पादों की खरीदी के लिए पहुंचे। आमजन ने भी इस हाट बाजार में विशेष रुचि दिखाई और जैविक उत्पादों को हाथों-हाथ लिया।सहायक संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर ने बताया कि इस जैविक / प्राकृतिक हाट बाजार में जैविक गेहूं, चना दाल, अरहर दाल, मूंग दाल, जैविक चावल, जैविक गुड़ के साथ-साथ प्राकृतिक सब्जियों में मटर, मैथी, लाल भाजी, लौकी, तुरई, बैंगन, अदरक, टमाटर, आलू आदि की बिक्री की गई। वहीं फलों में पपीता, केला और अमरूद के स्टॉल लगाए गए। उन्होंने बताया कि यहां उपलब्ध सभी उत्पाद पूर्णतः जैविक और प्राकृतिक पद्धति से तैयार किए गए हैंप्रकाश ठाकुर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक रविवार को लगने वाले इस जैविक हाट बाजार से खरीदी करें। इससे न केवल किसानों को लाभ मिलेगा, बल्कि लोगों को शुद्ध, रसायन मुक्त और स्वास्थ्यवर्धक भोजन भी मिलेगा, जिससे बीमारियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।