सीधी।
जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर के गांधी स्कूल के पीछे आज सुबह सड़क किनारे बनी नाली में एक प्री-मैच्योर (अपरिपक्व) नवजात शिशु मिला। नवजात को देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब कई घंटों तक लोग घटनास्थल पर डटे रहे।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय राहगीरों को नाली से हलचल और रोने जैसी आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर नाली में पड़े नवजात को देखकर लोग सन्न रह गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को नाली से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शिशु के प्री-मैच्योर होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने नवजात को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।यह घटना समाज के उस कड़वे सच को उजागर करती है, जहां आज भी लोक-लाज, सामाजिक डर और झूठी प्रतिष्ठा के नाम पर मासूम जिंदगियों को नकार दिया जाता है। सवाल यह है कि क्या सामाजिक मर्यादाएं एक नवजात के जीवन से बड़ी हो सकती हैं?पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि नवजात को नाली में फेंकने वाली महिला की पहचान की जा सके। अज्ञात महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और संवेदना का माहौल है। लोग समाज में जागरूकता और ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।