नागदा।
पोरवाल समाज महिला मंडल द्वारा शनिवार रात्रि 8 बजे से श्री बद्री विशाल मंदिर में भव्य संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला मंडल की सदस्यों के साथ सुभाष बस्ती के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।महिला मंडल की श्रीमती आशा पोरवाल ने बताया कि मंडल द्वारा प्रति सप्ताह सुंदरकांड का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में पौष पूर्णिमा पर विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल एवं सुभाष बस्ती के सदस्यों ने आगामी 12 जनवरी को आयोजित होने वाले वृहद हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने के लिए स्थानीय नागरिकों और सनातन धर्मावलंबियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।महिला मंडल ने सम्मेलन में पूर्ण सहभागिता का संकल्प लिया और सामाजिक एवं धार्मिक एकता का संदेश दिया। हिंदू सम्मेलन की श्रृंखला के तहत प्रातः 6:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत सोमवार से की गई।सम्मेलन की अगवानी के क्रम में मनोज सोनी, संदीप मेहता, निलेश मेहता एवं वर्षा मेहता ने विशेष रूप से उपस्थित होकर सुभाष बस्ती के समस्त रहवासियों से सहपरिवार सम्मेलन में भाग लेने का आग्रह किया।कार्यक्रम श्रृंखला के तहत 5 जनवरी से प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे प्रभात फेरी श्री बद्री विशाल मंदिर से प्रारंभ होकर पुनः मंदिर पर संपन्न होगी। इसके अतिरिक्त 8 जनवरी को दोपहर 3 बजे सुभाष बस्ती के रहवासियों को पीले चावल देकर सम्मेलन हेतु आमंत्रित किया जाएगा।आयोजकों ने सभी नागरिकों से सामाजिक समरसता के लिए एकजुट होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।