शहडोल (मध्य प्रदेश)।
केशव राष्ट्रोत्थान समिति, शहडोल के तत्वावधान में दिनांक 30 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक 5 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन राजपूत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमरहा में किया गया। योग प्रशिक्षण प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक तथा प्राकृतिक चिकित्सा एवं प्राकृतिक आहार प्रशिक्षण प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संपन्न हुआ।30 दिसंबर को सायंकाल शिविरार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिसमें कुल 80 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इनमें 42 महिलाएं, 23 पुरुष एवं 15 योग प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे। 31 दिसंबर से योगासन, प्राणायाम, प्राकृतिक उपचार एवं प्राकृतिक आहार का नियमित अभ्यास प्रारंभ हुआ।शिविर में डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मोटापा, जोड़ों का दर्द, कमर-गर्दन दर्द, पेट संबंधी रोग, कब्ज, गैस, एसिडिटी, चर्म रोग, सिरदर्द, आंखों में जलन, अनिद्रा, तनाव सहित अनेक बीमारियों से पीड़ित लाभार्थियों को प्राथमिक प्राकृतिक उपचार प्रदान किया गया।शिविर के दौरान नस्य क्रिया, जलनेति, नाड़ी शोधन, एनिमा, मिट्टी लेप, शरीर मालिश, बॉडी स्टीम एवं पॉलिथीन स्टीम स्नान जैसी प्राकृतिक चिकित्सा विधियों का अभ्यास कराया गया।पूज्य गुरुदेव के जन्म स्थान से पधारे चिकित्सक श्री जितेन्द्र भाई साहब ने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानव शरीर पंचतत्वों से निर्मित है और प्राकृतिक तत्वों के माध्यम से ही शरीर का शुद्धिकरण संभव है। उन्होंने सात्विक आहार, हल्के भोजन और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।उपचार के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्राकृतिक अमृत आहार एवं अमृत पेय प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण जनों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से जोड़कर स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर जीवनशैली की ओर प्रेरित करना रहा।शिविर में भाग लेने वाले अनेक प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न रोगों में उल्लेखनीय लाभ मिलने की बात कही। कमर दर्द, घुटने के दर्द, गैस, सायटिका, सोरायसिस, खाद्य एलर्जी जैसी समस्याओं में सुधार की जानकारी प्रतिभागियों द्वारा दी गई।इस आयोजन में राजपूत शिक्षा समिति, अमरहा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा शहडोल एवं विराट क्षत्रिय महासभा सोहागपुर का विशेष सहयोग रहा। साथ ही गायत्री चेतना केंद्र, बुढार के संचालक श्री पी.के. जैन एवं गायत्री साधना केंद्र, सामंतपुर के संचालक श्री दीपलाल सिंह डोंगरे का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा।शिविर के सफल आयोजन में समाजसेवियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं ग्राम पंचायत अमरहा के नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा। यह शिविर संपूर्ण मैकलांचल क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।