कसरावद (जिला खरगोन, मध्य प्रदेश)।
कसरावद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खलबुजुर्ग के ग्रामीणों ने दूषित पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर कसरावद एसडीएम सत्येंद्र बैरवा को एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि समय रहते जांच कर उचित समाधान किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।शिकायती आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए राम मंदिर घाट, नर्मदा नदी पर मोटर पंप लगाया गया है। उसी स्थान के आसपास नालियों का गंदा पानी नदी में छोड़े जाने के कारण पेयजल दूषित हो रहा है, जिसका ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि लापरवाही के चलते भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी न हो, इसके लिए समय रहते व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राम मंदिर घाट पर प्रतिदिन एवं पर्व-त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने आते हैं। ऐसे में गंदगी के कारण धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंच रही है।ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की शीघ्र जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।