बैंक से किसान के हजारों रुपये चोरी, थैले को काटकर उड़ाए 42 हजार
दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा से एक किसान के 42 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान के अनुसार अज्ञात व्यक्ति ने बैंक के अंदर ही उसके थैले को काटकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही किसान ने बैंक प्रबंधन को अवगत कराया और बाद में पटेरा थाने पहुंचकर पुलिस में आवेदन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कुम्हारी थाना क्षेत्र के सगौनी गांव निवासी किसान दशरथ विश्वकर्मा गुरुवार दोपहर पटेरा स्थित एसबीआई बैंक पहुंचे थे। किसान ने बताया कि उसने धान बेचने की राशि अपने बैंक खाते में जमा कर रखी थी। बैंक से 50 हजार रुपये निकालने के लिए उसने विड्रॉल फॉर्म भरा और कैशियर से नकद राशि लेकर अपने थैले में रख ली।इसके बाद किसान बैंक के दूसरे काउंटर पर खड़ा हो गया। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके थैले को काट दिया और उसमें रखी नकदी निकाल ली। कुछ समय बाद जब किसान की नजर थैले पर पड़ी तो वह कटा हुआ था। थैले की जांच करने पर उसमें से 42 हजार रुपये गायब मिले, जबकि केवल 7 हजार रुपये ही बचे हुए थे।पीड़ित किसान ने तत्काल बैंक प्रबंधन को घटना की जानकारी दी। बैंक कर्मचारियों द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें किसान के पास एक महिला और एक लड़की खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। किसान ने उन्हीं पर संदेह जताया है।घटना के बाद किसान तुरंत पटेरा थाने पहुंचा और पुलिस में लिखित आवेदन दिया। पटेरा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।बैंक परिसर में हुई इस चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और खाताधारकों में दहशत का माहौल है। लोग बैंक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने श्रमिक भाई -बहन बनें जागरूक- राजस्व मंत्री वर्मा
डिजिटल सुविधा केंद्र में 86 वर्षीय भक्तिन राय को अंगूठे के निशान पर मिल रही सुविधाएं
मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल सफारी में मिला नया आश्रय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दतिया को देंगे 532 करोड़ रूपये के विकास की सौगातें
खेल आपसी सद्भाव, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम-राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा
वन मंत्री कश्यप ने नारायणपुर में 65 करोड़ 96 लाख रूपए से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन