उज्जैन। महाशिवरात्रि 2026 के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में करीब दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगभग दो हजार पुलिस बल की तैनाती की गई है।प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निर्गम की विशेष व्यवस्था निर्धारित की गई है। दर्शन के लिए आगंतुक श्रद्धालुओं का प्रवेश भील समाज धर्मशाला के समीप निर्धारित द्वार से होगा। यहां से श्रद्धालु चारधाम मंदिर पार्किंग स्थल, शक्ति पथ, त्रिवेणी संग्रहालय के समीप से होते हुए नंदी द्वार, श्री महाकाल महालोक, मानसरोवर भवन, फेसिलिटी सेंटर-01, टनल और नवीन टनल-01 के माध्यम से गणेश मंडपम् पहुंचकर भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन करेंगे।दर्शन उपरांत श्रद्धालुओं का निर्गम आपातकालीन द्वार से बाहर की ओर होगा, जहां से वे बड़ा गणेश मंदिर के समीप होकर हरसिद्धि मंदिर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे।सम्पूर्ण दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मैटिंग, बैरिकेडिंग, पूछताछ केंद्र, खोया-पाया केंद्र, छाया, पेयजल, आवागमन के लिए बस सेवा, सुरक्षा और सफाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें और सहयोग कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।