पड़ोसियों के तानों ने उजाड़ा हँसता-खेलता परिवार, युवक ने की आत्महत्या
कटनी के एन.के.जे. थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा चौक में एक हृदय विदारक मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पड़ोसियों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को रोहित चौधरी नामक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल धर्मलोक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 12 घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई। रोहित की मौत के बाद उसकी पत्नी सुमन चौधरी और तीन छोटी बच्चियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पत्नी सुमन चौधरी ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पड़ोसन ज्ञाना बाई अक्सर उन पर झूठे आरोप लगाती थी कि उनके पति का उसके पति चेतन के साथ अवैध संबंध है। सुमन के मुताबिक, पड़ोसी लगातार उन्हें और उनके पति को समाज में बदनाम करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे उनका परिवार मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।
सुमन चौधरी का कहना है कि रोज-रोज के तानों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उनके पति रोहित चौधरी पूरी तरह टूट चुके थे और इसी कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। सुमन ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2013 में हुई थी और सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पड़ोसियों के आरोपों और तानों ने उनके परिवार को बर्बाद कर दिया।
घटना के बाद अब सुमन चौधरी अपनी तीन मासूम बच्चियों के साथ न्याय के लिए भटक रही हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और राज्य सरकार से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और का परिवार इस तरह बर्बाद न हो।
फिलहाल इस मामले को लेकर एन.के.जे. थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर क्या कार्रवाई करती है। वहीं परिवार और स्थानीय लोग भी इस मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।

अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशें तेज, शांति वार्ता फिर शुरू होने के संकेत
काव्या मारन की स्माइल ने फिर जीता फैंस का दिल
देहरादून पर मां डाट काली की विशेष कृपा: पीएम मोदी का बड़ा बयान
संजू सैमसन को ICC ने मार्च का प्लेयर ऑफ द मंथ चुना
पाकिस्तान में आशा भोसले के गाने प्रसारित करने पर विवाद, चैनल को नोटिस जारी