भोपाल। भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल सर्किल द्वारा आयोजित YONO ट्रॉफी क्रिकेट मैच का आयोजन आज 14 फरवरी 2026 को ओल्ड कैंपियन क्रिकेट ग्राउंड, भोपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह रोमांचक मुकाबला चीफ सेक्रेटरी XI और CGM XI (SBI) टीमों के बीच खेला गया, जिसमें चीफ सेक्रेटरी XI ने 18 रनों से जीत दर्ज की।मैच से पूर्व प्रातः 9:30 बजे टॉस कराया गया। टॉस के दौरान चीफ सेक्रेटरी XI के कप्तान श्री अनुराग जैन और CGM XI (SBI) के कप्तान श्री प्रवास कुमार सुबुधि उपस्थित रहे।पहले बल्लेबाजी करते हुए चीफ सेक्रेटरी XI ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए CGM XI (SBI) की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 149 रन ही बना सकी, जिससे चीफ सेक्रेटरी XI ने मुकाबला 18 रनों से अपने नाम किया।मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय स्टेट बैंक के श्री करण को बेस्ट ऑलराउंडर चुना गया। उन्होंने बल्लेबाजी में 27 रन बनाए और गेंदबाजी में चार ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, चीफ सेक्रेटरी XI के श्री हिमांशु चंदा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। उन्होंने 46 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने के साथ एक विकेट भी हासिल किया।इसके अलावा बेस्ट बॉलर का पुरस्कार चीफ सेक्रेटरी XI के कप्तान श्री अनुराग जैन को प्रदान किया गया, जिन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर एक विकेट लिया और मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया।मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।यह आयोजन न केवल खेल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि भारतीय स्टेट बैंक और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द और सकारात्मक कार्य संस्कृति को और अधिक मजबूत करने में भी सफल रहा।