रीवा। चाकघाट थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार देर रात्रि एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। वन विभाग बैरियर के समीप रॉन्ग साइड से आ रही एक अज्ञात कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाकघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान ऋषभ तिवारी पिता सूर्यमणि तिवारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी पुरवा मझिगवां थाना सोहागी के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक नानिल तिवारी पिता राजेश तिवारी, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुरवा मझिगवां थाना सोहागी बताया जा रहा है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।थाना प्रभारी चाकघाट बालकेश सिंह ने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।