संदावदा में विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
खाचरोद जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम संदावदा में 7 मार्च को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 38 लाख 16 हजार रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा कुल 80 लाख 49 हजार रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष कुंवर पृथ्वीराज सिंह पवार ने की, जबकि पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष कुंवर पृथ्वीराज सिंह पवार ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जागरूक हो तो सरकार किसी भी दल की हो, क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत के माध्यम से बिना किसी भेदभाव के गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में सीसी रोड, नालियां, नए पंचायत भवन और आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।
पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि उनके विधायकी कार्यकाल में नवोदय विद्यालय, मॉडल स्कूल, आईटीआई और सीएम राइज जैसे संस्थान स्थापित किए गए। साथ ही हर गांव में प्राथमिक विद्यालय और लगभग हर तीन किलोमीटर पर माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल खोले गए, ताकि ग्रामीण और गरीब बच्चों को शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि सच्चा जनप्रतिनिधि विकास कार्यों में कभी भेदभाव नहीं करता और गांवों का समग्र विकास ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद भरावा, पीसीसी सदस्य राधे जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीवन ढोला, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिनेश ठन्ना, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवीलाल चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।इस अवसर पर ग्राम नंदियासी, संदला, कनवास और सेकड़ी सुल्तानपुर में 15वें वित्त आयोग की राशि से स्वीकृत विकास कार्यों का भी भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। नंदियासी के सरपंच विनोद परासिया, संदावदा सरपंच प्रवीण सिंह पवार, संदला सरपंच मुकेश बोड़ाना, कनवास सरपंच राहुल चोटाना और सेकड़ी सरपंच नरेंद्र पटेल सहित अन्य ग्रामीणों ने अतिथियों का साफा बांधकर और पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना